खराब मौसम ने रोका भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का रायगढ़ दौरा, विमान की लैंडिंग नहीं होने से कार्यक्रम निरस्त

जिंदल एयरपोर्ट पर कम दृश्यता के कारण नहीं उतर सका विमान, रायगढ़ और धरमजयगढ़ के कार्यक्रम रद्द; मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय निर्धारित कार्यक्रम में होंगे शामिल
रायगढ़ ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खराब मौसम और कम दृश्यता के चलते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का दौरा निरस्त कर दिया गया। जिंदल एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग नहीं हो पाने के कारण उनका रायगढ़ और धरमजयगढ़ का निर्धारित कार्यक्रम प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार, नितिन नवीन को रायगढ़ और धरमजयगढ़ में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होना था। उनके आगमन को लेकर दोनों ही स्थानों पर तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। पार्टी कार्यकर्ताओं और आयोजकों को उनके पहुंचने का इंतजार था, लेकिन खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण विमान जिंदल एयरपोर्ट पर उतर नहीं सका। इसके बाद उनका दोनों स्थानों का दौरा रद्द करने का निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कार्यक्रम यथावत
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा निरस्त होने के बावजूद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का धरमजयगढ़ दौरा प्रभावित नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धरमजयगढ़ पहुंचेंगे और वहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस प्रकार खराब मौसम ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के छत्तीसगढ़ प्रवास पर ब्रेक लगा दिया, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में धरमजयगढ़ का कार्यक्रम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा।



