वैष्णव तिलक से सजे बाबा महाकाल, मस्तक पर विराजे गणेश; भस्म आरती में उमड़े श्रद्धालु

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार, 11 नवंबर को कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर तड़के 4 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। इसके बाद विधि-विधान से भगवान महाकाल की भस्म आरती संपन्न हुई। इस दौरान बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। वैष्णव तिलक से सुशोभित भगवान के मस्तक पर भगवान गणेश की दिव्य आकृति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारियों ने गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक कर विधिवत पूजन किया गया। तत्पश्चात भांग, चंदन और विभिन्न आभूषणों से बाबा का मनोहारी श्रृंगार किया गया।
भस्म अर्पित करने से पहले प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के साथ भगवान का ध्यान और कपूर आरती की गई। इसके बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर भस्म रमाई गई। भस्म आरती के पश्चात भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाला, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। विभिन्न आभूषणों और पुष्पों से बाबा का दिव्य अलंकरण किया गया।
मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। बाबा के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर पहुंची।
भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कानों में अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कर उनके पूर्ण होने की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।



