CM साय का जांजगीर-चांपा दौरा आज, आरंग बंद का ऐलान वापस; अनुकंपा नियुक्ति के लिए प्रदर्शन करेंगी विधवाएं

छत्तीसगढ़ में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जांजगीर-चांपा दौरे से लेकर अनुकंपा नियुक्ति की मांग और रेल परिचालन में बदलाव तक कई अहम खबरें हैं। आरंग में विवाद सुलझने के बाद बंद का आह्वान वापस ले लिया गया है। वहीं, कृषि पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया भी आज से शुरू हो रही है।
रायपुर ( शिखर दर्शन ) //
मुख्यमंत्री साय का जांजगीर-चांपा दौरा आज
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक मंत्रालय में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। इसके बाद शिवरीनारायण मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और महानदी घाट पर आयोजित गंगा आरती में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शाम 6:30 बजे शिवरीनारायण महोत्सव में शिरकत करेंगे। इसके बाद रात 11 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगी विधवाएं
दिवंगत शिक्षाकर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग को लेकर विधवाएं बुधवार को रायपुर के अंबेडकर चौक पर विरोध प्रदर्शन करेंगी। प्रदर्शन के दौरान भीख मांगकर सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करने की योजना है।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि दिवंगत शिक्षाकर्मियों के शेष आश्रितों को नौकरी दी जाए और उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाए। उनका कहना है कि लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे आश्रितों की मांगों पर सुनवाई नहीं होने के कारण उन्हें विरोध का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
आरंग में सुलह के बाद बंद और चक्काजाम का आह्वान वापस
धर्मनगरी आरंग में नवरात्रि के दौरान प्रचार सामग्री को कचरा वाहन में फेंके जाने के मामले में उपजा विवाद सुलह के बाद समाप्त हो गया है। कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब की मौजूदगी में हुई बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने सर्व समाज और सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। इसके बाद 14 अक्टूबर को प्रस्तावित आरंग बंद और चक्काजाम का आह्वान वापस ले लिया गया।
दरअसल, महामाया पारा स्थित श्री सार्वजनिक नवदुर्गोत्सव समिति ने पद्मश्री अनुज शर्मा के जगराता कार्यक्रम के प्रचार के लिए नगर के गौरवपथ पर 50 से अधिक फ्लेक्सी लगाए थे। इनमें स्थानीय विधायक अनुज शर्मा और कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के चित्र भी थे। आरोप लगाया गया कि नगर पालिका अध्यक्ष के आदेश पर इन बैनरों को हटवाकर कचरा वाहन में डाल दिया गया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और विभिन्न समितियों में नाराजगी फैल गई थी। सर्व समाज ने बैठक कर बंद का ऐलान किया था, जिसे व्यापारी संघ का समर्थन भी मिला था। बाद में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की पहल पर संबंधित पक्षों की बैठक हुई। सार्वजनिक माफी के बाद सर्व समाज ने विवाद समाप्त करने पर सहमति जताई और बंद का फैसला वापस ले लिया।
हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस आज और कल रद्द
रेलवे के निर्माण और तकनीकी कार्यों के चलते हावड़ा और मुंबई के बीच चलने वाली दुरंतो एक्सप्रेस की दोनों दिशाओं की सेवाएं निर्धारित तिथियों पर रद्द रहेंगी।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को हावड़ा से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 12262 हावड़ा-सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस रद्द रही। वहीं, 14 अक्टूबर को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 12261 सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी।
इसके पीछे मुंबई मंडल के कल्याण-इगतपुरी रेलखंड के कसारा यार्ड में तीसरी रेल लाइन परियोजना के लिए ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक और चक्रधरपुर मंडल के बंडामुंडा स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य को वजह बताया गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि कर लेने की सलाह दी जाती है।
बीएससी कृषि ऑनर्स में प्रवेश के लिए दस्तावेज सत्यापन आज से
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएससी (ऑनर्स) कृषि पाठ्यक्रम की रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया जारी है। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत पीएटी और कक्षा 12वीं की योग्यता के आधार पर काउंसिलिंग की जा रही है।
ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेज अपलोड करने और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन, प्रावीण्य सूची, सीट आवंटन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया में शामिल होना होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार:
- 14 अक्टूबर: पंजीकृत पीएटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया।
- 15 अक्टूबर: पंजीकृत कक्षा 12वीं उत्तीर्ण छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थियों के लिए सत्यापन।
- 16 अक्टूबर: पंजीकृत कक्षा 12वीं उत्तीर्ण अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए सत्यापन।
अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर संबंधित कृषि महाविद्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।



