रक्षाबंधन पर महाकाल की नगरी पहुंचे CM डॉ. मोहन, अंगारेश्वर महादेव का किया पूजन

निजानंद धाम आश्रम में संत सच्चिदानंद महाराज की पुण्यतिथि पर अर्पित की पुष्पांजलि, संतों से लिया आशीर्वाद
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे। उन्होंने शिप्रा तट स्थित श्री अंगारेश्वर महादेव मंदिर में भगवान का पंचामृत और गुलाल से पूजन-अर्चन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री खाचरौद के चिरोला फांटा स्थित संत श्री निजानंद धाम आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने संत सच्चिदानंद महाराज की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
==========================================================
अंगारेश्वर महादेव का पंचामृत और गुलाल से किया पूजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संध्या के समय शिप्रा तट स्थित श्री अंगारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान श्री अंगारेश्वर महादेव का पंचामृत और गुलाल से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
निजानंद धाम आश्रम में रुद्राभिषेक और षोडशोपचार पूजा
मुख्यमंत्री खाचरौद के चिरोला फांटा गांव स्थित संत श्री निजानंद धाम आश्रम भी पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर संत सच्चिदानंद महाराज की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
आश्रम परिसर स्थित शिव मंदिर में मुख्यमंत्री ने रुद्राभिषेक और षोडशोपचार पूजा की। इसके बाद संत निजानंद महाराज के सिंहासन पर आरती की। उन्होंने आश्रम में मौजूद संतों को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
निजानंद धाम सेवा समिति की ओर से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्होंने संत सच्चिदानंद महाराज के शिष्य विवेक महाराज से भी मुलाकात की।
संतों के आशीर्वाद से अच्छे कर्मों की मिलती है प्रेरणा : मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन के अवसर पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संत निजानंद आश्रम का दर्शन करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह स्थान देश, क्षेत्र और मालवा की सनातन संस्कृति की महान विभूतियों की आध्यात्मिक आभा से परिचित कराता है।
उन्होंने कहा कि संतों के आशीर्वाद से सभी को अच्छे कर्म करने की प्रेरणा मिलती है। निजानंद महाराज के उत्तराधिकारी स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने इस स्थान और पूरे क्षेत्र को नई चेतना प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को अपने कर्मों और संतों के मूल भाव ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ के साथ जीवन व्यतीत करना चाहिए और सभी के कल्याण की प्रार्थना करनी चाहिए।
खाचरौद की बहनों ने बनाया था रक्षा सूत्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने खाचरौद पहुंचे थे। हेलीपैड पर नागदा निवासी माया टिटलिया और मनीषा अखिलेश शर्मा ने उनका स्वागत किया।
रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने दोनों बहनों को राखी बांधकर पर्व की बधाई दी। उन्होंने स्नेहपूर्वक दोनों बहनों को मिठाई खिलाई और शुभकामनाएं दीं। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री को बांधा गया रक्षा सूत्र खाचरौद की ही बहनों द्वारा तैयार किया गया था।



