बिलासपुर संभाग

सूने मकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार; 3.85 लाख का चोरी का माल बरामद

सक्ती ( शिखर दर्शन ) // सक्ती थाना पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 3.85 लाख रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी का माल खरीदने वाला एक स्थानीय ज्वेलर्स संचालक भी शामिल है।

एक ही रात दो मकानों में चोरी

पुलिस के अनुसार 28-29 जुलाई 2026 की दरमियानी रात सक्ती थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात हुई थी। पहली घटना फाटकपारा, सक्ती में हुई, जहां देवराम पटेल के घर की बाउंड्रीवाल फांदकर चोर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद आलमारी में रखे सोने का हार, झुमका, कनोती, टॉप्स, चांदी की पायल, महत्वपूर्ण दस्तावेज और बिल समेत करीब 2.95 लाख रुपए का सामान चोरी कर लिया गया।

दूसरी वारदात सोंठी, वार्ड नंबर 11 में कमला बाई यादव के घर हुई। यहां भी चोर घर में घुसकर आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और दस्तावेज ले गए। इसके अलावा दुकान में रखा सिगरेट का सामान भी चोरी किया गया। इस मामले में करीब 90 हजार रुपए की संपत्ति चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

एक जैसी कार्यप्रणाली से पुलिस को मिला सुराग

दोनों वारदातों में चोरी करने का तरीका लगभग एक जैसा था। इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी।

इसी दौरान पुलिस को सोंठी के रहने वाले तीन युवकों के बारे में महत्वपूर्ण सूचना मिली। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दोनों मकानों में चोरी करना स्वीकार कर लिया।

चोरी का माल खरीदने वाला ज्वेलर्स संचालक भी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी चोरी की वारदात में शामिल बताए गए हैं, जबकि एक आरोपी पर चोरी का सामान खरीदने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपियों में बलवीर सतनामी (22), फलेश साहू (26) और समीर डेनियल (19) तीनों निवासी सोंठी, सक्ती हैं। इनके अलावा अमित अग्रवाल (45), संचालक बी.पी. ज्वेलर्स, सक्ती को चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

3.85 लाख का माल बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 3.85 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य चोरी का सामान बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है।

मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(A), 3(5) और 317(2) के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!