भाजपा का दायरा बढ़ाने पर जोर, पवन साय बोले- आम लोगों को पार्टी से जोड़ें कार्यकर्ता

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने पार्टी को केवल कार्यकर्ताओं तक सीमित रखने के बजाय आम लोगों के बीच मजबूत जनाधार वाली पार्टी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय के साथ समाज के हर वर्ग से निरंतर संपर्क जरूरी है। वे बिलासपुर शहर जिला भाजपा के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
कार्यकर्ता पहले इंसान, इसलिए व्यवहार में समन्वय जरूरी
पवन साय ने बैठक की शुरुआत पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से उनके विचार जानकर की। उन्होंने कहा कि किसी भी पद पर होने से पहले हम सभी मनुष्य हैं और हर व्यक्ति में गुण-दोष, पसंद-नापसंद तथा अलग-अलग विचार होना स्वाभाविक है। ऐसे में संगठन को मजबूत बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि समन्वय केवल पार्टी संगठन तक सीमित नहीं होना चाहिए। परिवार और समाज में भी एक-दूसरे की जरूरतों को समझते हुए सहयोग की भावना विकसित करनी होगी। कमजोर और जरूरतमंद लोगों की आवश्यकता के अनुरूप मदद करना भी इसी समन्वय का हिस्सा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच पारिवारिक भाव के साथ व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाने की बात कही।
बूथ और शक्ति केंद्रों तक पहुंचे पदाधिकारी
प्रदेश महामंत्री संगठन ने पार्टी पदाधिकारियों से उन्हें सौंपे गए दायित्वों और जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह परिवार को मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्य मिलकर प्रयास करते हैं, उसी तरह संगठन को भी अपना परिवार मानकर आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने जिला और मंडल पदाधिकारियों को नियमित रूप से शक्ति केंद्रों और बूथ स्तर तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं से प्रत्यक्ष संपर्क करने की सलाह दी। उनका कहना था कि केवल संगठनात्मक बैठकों तक सीमित रहने के बजाय कार्यकर्ताओं के बीच जाकर उनकी समस्याओं और सुझावों को समझना जरूरी है।
नई पीढ़ी को पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ लेने की सलाह
पवन साय ने कहा कि पार्टी को वर्तमान स्थिति तक पहुंचाने में पुरानी पीढ़ी के कार्यकर्ताओं की त्याग और तपस्या की बड़ी भूमिका रही है। नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं को वरिष्ठों के साथ समन्वय बनाकर उनके अनुभवों का लाभ लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संगठन के पदाधिकारियों को यह भी सोचना चाहिए कि वे आने वाली पीढ़ी को पार्टी के रूप में क्या सौंपना चाहते हैं। इसी सोच के साथ नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने और जिम्मेदारियां सौंपने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में क्षमता और योग्यता होती है। जरूरत इस बात की है कि उस क्षमता को सही दिशा में उपयोग करने के लिए उचित मार्गदर्शन और अवसर दिया जाए।
बैठक में तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह, बिलासपुर संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा, संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में जिला एवं मंडल पदाधिकारी मौजूद रहे।



