बिलासपुर संभाग

कोबरा के डसने पर अस्पताल पहुंचा शख्स, डॉक्टर बोले- सांप भी लेकर आओ; फिर अस्पताल पहुंचा नाग

कोरबा ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सांप के डसने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। घर के अंदर झाड़ी साफ करते समय एक व्यक्ति को कोबरा ने डस लिया। परिजन उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने सांप की प्रजाति की पहचान के लिए सांप को भी अस्पताल लाने की बात कही। इसके बाद स्नेक कैचर ने कोबरा को रेस्क्यू किया और अस्पताल पहुंचाया।

झाड़ी साफ करते समय कोबरा ने डसा

जानकारी के अनुसार, दादर क्षेत्र निवासी रामदयाल अपने घर के अंदर झाड़ी साफ कर रहा था। इसी दौरान वह जमीन में बने एक बिल के पास पहुंच गया। बिल के अंदर कोबरा सांप छिपा हुआ था। जैसे ही रामदयाल ने झाड़ी हटाने की कोशिश की, सांप अचानक बिल से बाहर निकला और उसे डस लिया। इसके बाद कोबरा वापस बिल में घुस गया।

सांप के डसने के बाद रामदयाल को परिजन तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने सांप की प्रजाति के बारे में जानकारी मांगी, ताकि यह पता चल सके कि मरीज को किस तरह के सांप ने डसा है और उसके अनुसार उपचार किया जा सके।

स्नेक कैचर ने बिल से किया कोबरा का रेस्क्यू

डॉक्टरों की बात के बाद स्नेक कैचर को मौके पर बुलाया गया। स्नेक कैचर ने घर में बने बिल से कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला और उसका रेस्क्यू किया। इसके बाद कोबरा को अस्पताल ले जाया गया और डॉक्टरों को दिखाया गया।

स्नेक कैचर ने बताया कि अस्पताल से फोन आया था कि मरीज को डसने वाले सांप की पहचान जरूरी है। इसी वजह से कोबरा को रेस्क्यू कर अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने सांप को देखकर उसकी प्रजाति की पहचान की।

फिलहाल रामदयाल का जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में भी इस बात की चर्चा है कि जिस सांप के डसने से व्यक्ति अस्पताल पहुंचा, वही सांप बाद में उसके इलाज में मदद के लिए अस्पताल पहुंच गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!