भूख हड़ताल पर बैठे नरेंद्र राजपूत की तबीयत बिगड़ी , शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग तेज, भोपाल में चौथे दिन भी डटे चयनित अभ्यर्थी

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में शिक्षक भर्ती 2025 में चयनित अभ्यर्थियों का पदवृद्धि को लेकर चल रहा आंदोलन सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। राजधानी के नीलम पार्क में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थी अपनी मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। आंदोलन के दौरान भूख हड़ताल कर रहे चयनित अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद पुलिस की टीम उन्हें अस्पताल ले जाने पहुंची। हालांकि नरेंद्र राजपूत ने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया और आंदोलन जारी रखने पर अड़े रहे।
वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद बढ़ाने की मांग
आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की मुख्य मांग शिक्षक भर्ती में रिक्त पदों की संख्या बढ़ाने की है। अभ्यर्थी वर्ग-2 में 25 हजार और वर्ग-3 में 3 हजार पदों की वृद्धि की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि पदों की संख्या बढ़ने से बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर मिल सकेगा।
तीसरे दिन भी जारी रही भूख हड़ताल
चयनित अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत पदवृद्धि की मांग को लेकर लगातार तीसरे दिन भूख हड़ताल पर हैं। लंबे समय तक भोजन नहीं लेने के कारण सोमवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए पहुंची, लेकिन उन्होंने उपचार के लिए जाने से मना कर दिया।
सरकार के आश्वासन तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक सरकार पदवृद्धि को लेकर स्पष्ट आश्वासन नहीं देती, उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। नीलम पार्क में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की मौजूदगी के चलते पुलिस बल भी तैनात है और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि वे अपनी मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार से जल्द निर्णय लेकर चयनित अभ्यर्थियों के हित में पद बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।



