मध्यप्रदेश

नगर निगम में अफसरों की भिड़ंत: बैठक खत्म होते ही एएचओ-एचओ में तीखी बहस, खुलेआम दी धमकी

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // राजधानी भोपाल के नगर निगम मुख्यालय में अधिकारियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। सभी दरोगाओं की बैठक खत्म होने के बाद मुख्यालय परिसर के बाहर दो अधिकारियों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक अधिकारी ने अपने ही वरिष्ठ अधिकारी को कथित तौर पर खुलेआम धमकी दे दी।

बैठक के बाद बाहर आते ही बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार नगर निगम मुख्यालय में सभी दरोगाओं की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक समाप्त होने के बाद अधिकारी बाहर निकले तो नरेला विधानसभा क्षेत्र के जोन-9 में पदस्थ हेल्थ ऑफिसर (एचओ) सुमंदर शर्मा और असिस्टेंट हेल्थ ऑफिसर (एएचओ) बलवीर मालिक के बीच बहस शुरू हो गई।

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक दोनों अधिकारियों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही। विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद कर्मचारी और अन्य अधिकारी भी सकते में आ गए।

एएचओ ने दी एचओ को धमकी

बहस के दौरान एएचओ बलवीर मालिक ने एचओ सुमंदर शर्मा को कथित तौर पर धमकी दी। इस दौरान उन्होंने रौब दिखाते हुए यह तक कह दिया कि “मैं किसी मंत्री की भी नहीं सुनता।”

अधिकारी के इस कथित बयान के बाद मौके पर माहौल और तनावपूर्ण हो गया। निगम मुख्यालय परिसर के बाहर अधिकारियों के बीच हुई इस नोकझोंक की चर्चा कर्मचारियों के बीच भी होने लगी।

विवाद की वजह स्पष्ट नहीं

फिलहाल दोनों अधिकारियों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। बैठक में हुई किसी बात को लेकर विवाद हुआ या इसके पीछे कोई पुराना मामला था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

नगर निगम मुख्यालय जैसे स्थान पर अधिकारियों के बीच सार्वजनिक रूप से हुई इस तरह की बहस को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। मामले में निगम प्रशासन की ओर से फिलहाल किसी कार्रवाई या आधिकारिक बयान की जानकारी सामने नहीं आई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!