मध्यप्रदेश

रील के चक्कर में सड़क पर लेट गई ‘रील गर्ल’: 8 हजार फॉलोअर्स के लिए जान जोखिम में डाली, अब क्राइम ब्रांच की नजर

इंदौर ( शिखर दर्शन ) // सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए खतरनाक तरीके से रील बनाने का मामला सामने आया है। शहर के व्यस्त लैंटर्न चौराहे पर एक युवती ट्रैफिक सिग्नल के दौरान जेब्रा क्रॉसिंग पर लेट गई और उसका वीडियो बनाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। पुलिस अब युवती की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

वायरल वीडियो में युवती सड़क पर वाहनों के सामने लेटी नजर आ रही है। इस दौरान चौराहे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित होता भी दिखाई दे रहा है। व्यस्त सड़क पर इस तरह वीडियो बनाना युवती के साथ-साथ वहां से गुजर रहे वाहन चालकों के लिए भी जोखिम भरा माना जा रहा है।

रील बनाने के लिए यातायात नियमों की अनदेखी

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर प्रकृति गौर का है। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर करीब 8 हजार फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी सड़क पर इस तरह रील बनाने को लेकर सवाल उठाए हैं।

लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की लोकप्रियता के लिए सार्वजनिक सड़क पर इस तरह का जोखिम उठाना न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है, बल्कि किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकता है।

क्राइम ब्रांच ने लिया मामले का संज्ञान

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने युवती की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस युवती से संबंधित जानकारी जुटा रही है और वीडियो की भी जांच की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक सड़क पर वीडियो बनाने के लिए यातायात बाधित करना और नियमों का उल्लंघन करना स्वीकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसे स्टंट या गतिविधियां न करें, जिनसे खुद की अथवा दूसरों की जान खतरे में पड़ सकती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!