छिंदवाड़ा NICU हादसा: वार्मर में लगी आग से झुलसी नवजात बच्ची की मौत, दो मासूम अब भी गंभीर

छिंदवाड़ा ( शिखर दर्शन ) // जिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में हुए दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से झुलसी एक नवजात बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे वार्मर मशीन की हीटिंग यूनिट में अचानक स्पार्किंग होने के बाद आग लग गई थी। इस हादसे में वार्मर के अंदर रखे तीन नवजात बच्चे झुलस गए थे।
हादसे के तुरंत बाद NICU में मौजूद स्टाफ ने तीनों बच्चों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार शुरू किया। बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
जबलपुर में चल रहा था तीनों बच्चों का इलाज
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने और एक बच्चे को तत्काल सर्जरी की जरूरत को देखते हुए तीनों नवजातों को दो डॉक्टरों की निगरानी में जबलपुर भेजा गया था।
जबलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान आदित्य वर्मा और शिवानी वर्मा की नवजात बच्ची ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं हादसे में झुलसे दो अन्य नवजातों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और दोनों का उपचार जारी है।
वार्मर की तकनीकी खराबी बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में वार्मर मशीन की हीटिंग यूनिट यानी फिलामेंट में स्पार्किंग को आग लगने की वजह माना जा रहा है। तकनीकी खराबी के कारण वार्मर में आग लगी और उसकी चपेट में तीनों नवजात आ गए।
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि वार्मर मशीन की तकनीकी स्थिति क्या थी और हादसे से पहले उसके रखरखाव व सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई थी या नहीं।



