रायपुर संभाग

रायपुर में रातभर बरसे बादल, सुबह तक जारी रही बारिश; ठंडी हुई फिजा, उमस से मिली राहत

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह तक लगातार जारी रही। रातभर रुक-रुककर और कई इलाकों में लगातार हुई बारिश के चलते शहर का तापमान नीचे आया है। बारिश ने जहां लोगों को उमस से राहत दी, वहीं सुबह कामकाज के लिए निकलने वालों की मुश्किलें बढ़ गईं।

रातभर बारिश के बाद सुबह भी नहीं थमा सिलसिला

रायपुर में रात से आसमान बादलों से घिरा हुआ है और सुबह तक बारिश का दौर बना रहा। शहर के अलग-अलग हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। लगातार पानी गिरने के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है। सुबह के समय सड़कों पर निकले लोगों को भी बारिश के कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

तापमान गिरा, मौसम हुआ सुहावना

लगातार बारिश का असर राजधानी के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। तापमान में गिरावट के कारण मौसम ठंडा हो गया है। पिछले कुछ दिनों से महसूस हो रही उमस से लोगों को बारिश के बाद राहत मिली है। हालांकि बादलों के बने रहने और रुक-रुककर बारिश जारी रहने से दिनभर मौसम में ठंडक बनी रहने की संभावना है।

अगले सात दिन बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अभी खत्म होने वाला नहीं है। अगले सात दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। राजधानी रायपुर में भी आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

लोरमी में 14 सेंटीमीटर बारिश

बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। लोरमी में सबसे ज्यादा 14 सेंटीमीटर पानी गिरा। जनकपुर-भरतपुर और कुकदूर में 13-13 सेंटीमीटर, तखतपुर और लालपुर थाना क्षेत्र में 8-8 सेंटीमीटर, कोटाडोल में 7 सेंटीमीटर तथा रतनपुर और पेंड्रा रोड में 6-6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

सामान्य से 6 प्रतिशत कम है प्रदेश में बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है। इसके बावजूद सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से आने वाले दिनों में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर बना रह सकता है। राजधानी में भी फिलहाल बादलों और बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!