CG Morning News: मुख्यमंत्री साय दिल्ली में आज पीएम मोदी के कार्यक्रम में होंगे शामिल, यूपीएससी मेंस से लेकर पिकलबॉल चैंपियनशिप तक जानिए छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरें

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में शुक्रवार की सुबह कई महत्वपूर्ण गतिविधियों के साथ शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दिल्ली दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं रायपुर में आज से संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा मुख्य परीक्षा शुरू हो रही है। इसके अलावा भाजपा के सहयोग केंद्र में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू लोगों की समस्याएं सुनेंगे। राजधानी में राज्य स्तरीय पिकलबॉल प्रतियोगिता और सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे। धमतरी में जनजातीय कारीगरों के लिए विशेष सूचीबद्धता मेला आयोजित किया जाएगा।
दिल्ली में आज प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होंगे मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को दिल्ली में एक निजी मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री साय गुरुवार रात दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव से अस्पताल में मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की कुछ अन्य नेताओं से मुलाकात भी प्रस्तावित है।
रायपुर में आज से यूपीएससी मुख्य परीक्षा, 185 अभ्यर्थी होंगे शामिल
संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का आयोजन रायपुर में आज से शुरू होगा। परीक्षा 21, 22, 23, 29 और 30 अगस्त को होगी। इसके लिए कालीबाड़ी चौक स्थित जेआर दानी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक चलेगी। इस बार रायपुर केंद्र पर 185 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को फेस आइडेंटिफिकेशन के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। प्रशासन ने परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए हैं।
भाजपा सहयोग केंद्र में आज केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सुनेंगे समस्याएं
भाजपा के सहयोग केंद्र में शुक्रवार को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मौजूद रहेंगे। वे दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और संबंधित मामलों के निराकरण की पहल करेंगे।
राजधानी में आज से राज्य स्तरीय पिकलबॉल चैंपियनशिप
छत्तीसगढ़ में पिकलबॉल को बढ़ावा देने के लिए तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन आज से राजधानी में शुरू होगा। स्वर्गीय अर्जुन सिंह शेखावत स्मृति छठवीं छत्तीसगढ़ राज्य पिकलबॉल चैंपियनशिप 21 से 23 अगस्त तक चलेगी।
प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों और शहरों से करीब 150 महिला और पुरुष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का आकर्षण छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी आरिश आगा चौबे, हृदन गोयनका और अथर्व पांडे होंगे, जो हाल ही में थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
धमतरी में जनजातीय कारीगरों को बाजार से जोड़ने की पहल
धमतरी में आज जनजातीय कारीगर सूचीबद्धता मेले का आयोजन किया जाएगा। आजीविका महाविद्यालय में होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य दूरस्थ अंचलों के जनजातीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों, वन धन विकास केंद्रों, किसान उत्पादक संगठनों और स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है।
मेले के माध्यम से पारंपरिक हस्तशिल्प, जनजातीय कला और प्राकृतिक वनोपज से जुड़े लोगों को बाजार से जोड़ने के साथ उनकी आय और आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने पर जोर रहेगा।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
सावन उत्सव: सीपीएसएस यूथ लेडिज विंग की ओर से पंजाब केसरी भवन, जोरा में आयोजन। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शुरू होगा।
पावस प्रसंग-2026: संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की ओर से महंत घासीदास संग्रहालय के मुक्ताकाशी मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम। आयोजन शाम 7 बजे से होगा।



