दो दिन और बरसेगा आसमान, कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट

गहरे अवदाब के असर से पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय, कई जिलों में 80 किमी प्रतिघंटा तक तेज हवा चलने की चेतावनी
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और फिलहाल बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। गहरे अवदाब के प्रभाव से कई जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 18 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, लेकिन आगामी 48 घंटे में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर तटीय ओडिशा और उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बना गहरा अवदाब उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में इसके उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी।
पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा चांपा में दर्ज की गई। इसके अलावा जांजगीर और अकलतरा में 9-9 सेंटीमीटर, जबकि नगरी, मैनपुर, गुरूर, राधम और पिथौरा में 8-8 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रायपुर में भी 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज होने से मौसम सुहावना बना रहा।
मौसम विभाग ने रायपुर में बुधवार को दिनभर घने बादल छाए रहने तथा गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, बेमेतरा और मुंगेली जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश तथा 60 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।



