रायपुर संभाग

जर्जर स्कूल भवन पर फूटा पालकों का गुस्सा, स्कूल में जड़ा ताला , SDM और BEO ने दिया जल्द ठीक कराने का आश्वासन

अभनपुर ( शिखर दर्शन ) // विकासखंड अभनपुर के ग्राम सोनसिल्ली स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के जर्जर भवन को लेकर शुक्रवार को ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, पालकों और छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर नए भवन की मांग की। लगातार हो रही बारिश के बीच सुबह से ही ग्रामीण हाथों में तख्तियां लेकर “नया स्कूल भवन दो” के नारे लगाते रहे। इस दौरान स्कूल के शिक्षक कुछ दूरी पर खड़े होकर स्थिति पर नजर बनाए रहे।

जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर बच्चे

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय एक ही परिसर में दो पालियों में संचालित होते हैं। दोनों भवन काफी जर्जर हो चुके हैं और लगातार बारिश के कारण उनकी स्थिति और अधिक खतरनाक हो गई है। पालकों का कहना है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे बच्चों की जान जोखिम में पड़ सकती है।

कई बार शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जर्जर भवन की जानकारी कई बार शासन-प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए मजबूरन स्कूल में ताला लगाकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षित व्यवस्था होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

बीईओ ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

विकासखंड शिक्षा अधिकारी धरमचंद जैन ने बताया कि वे ग्रामीणों से चर्चा कर लौटे हैं। उन्होंने कहा कि जर्जर भवन को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए तत्काल आदेश जारी कराया जाएगा तथा नए स्कूल भवन की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

एसडीएम बोले- जल्द होगी प्रशासनिक कार्रवाई

अभनपुर एसडीएम रवि सिंह ने बताया कि इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से चर्चा हो चुकी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नए स्कूल भवन के निर्माण के लिए शीघ्र आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!