मध्यप्रदेश

एमपी में मानसून का रौद्र रूप, सात जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम, अगले पांच दिनों तक प्रदेशभर में झमाझम बारिश के आसार

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो चुका है। मौसम विभाग ने बुधवार को सात जिलों के लिए भारी एवं अति भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 44 जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसम तंत्र के प्रभाव से अगले तीन से पांच दिनों तक प्रदेश में व्यापक वर्षा होगी।

इन जिलों में भारी और अति भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार बालाघाट और डिंडौरी जिले में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देवास, हरदा, पांढुर्ना, छिंदवाड़ा और बैतूल जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

इन जिलों में हल्की बारिश के आसार

नीमच, मंदसौर, आगर मालवा और रतलाम जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

भोपाल-इंदौर समेत 44 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल सहित 44 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून प्रदेश के शेष हिस्सों को भी पूरी तरह कवर कर लेगा।

पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों में सागर जिले में सबसे अधिक 160.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद अशोकनगर में 129 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कई अन्य जिलों में भी अच्छी वर्षा होने से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

तीन जुलाई से और मजबूत होगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक मजबूत वेदर सिस्टम विकसित हो रहा है, जो 3 जुलाई के आसपास कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो सकता है। इसके प्रभाव से जबलपुर, नर्मदापुरम, इंदौर और उज्जैन संभाग सहित प्रदेश के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना वाले जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा बिजली गिरने की आशंका के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!