प्री-मानसून मेहरबान: 34 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 60 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं

ट्रफ और साइक्लोनिक सिस्टम से बदला मौसम, कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार जोर पकड़ रही हैं। ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने गुरुवार को 34 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, दतिया, मुरैना, भिंड, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
कई जिलों में गर्मी का असर बरकरार
प्रदेश के पश्चिमी और मालवा-निमाड़ क्षेत्र के कई जिलों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। इंदौर, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, भोपाल, विदिशा, सीहोर और राजगढ़ जिलों में तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहने के आसार हैं। हालांकि बादलों की आवाजाही के कारण कुछ क्षेत्रों में लोगों को हल्की राहत मिल सकती है।
अगले कुछ दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक आंधी, बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। प्री-मानसून की यह सक्रियता लोगों को भीषण गर्मी से राहत दे रही है, वहीं किसानों के लिए भी राहतभरी खबर मानी जा रही है।



