मध्यप्रदेश

नीति आयोग की बैठक में शामिल होंगे CM मोहन यादव, मीनाक्षी नटराजन मामले पर कांग्रेस का सुप्रीम कोर्ट जाने का ऐलान

दिल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री, नामांकन विवाद को लेकर कांग्रेस का आंदोलन तेज; प्रदेशभर में 8 दिन तक प्रदर्शन की तैयारी

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। बैठक में ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य के तहत समावेशी मानव विकास, युवाओं के कौशल विकास, उद्यमिता संवर्धन और रोजगार सृजन जैसे विषयों पर मंथन होगा। मुख्यमंत्री प्रदेश के विकास मॉडल और युवा-केंद्रित योजनाओं को बैठक में प्रस्तुत करेंगे।

नीति आयोग की बैठक पर नजर

नीति आयोग की इस बैठक में देशभर के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री हिस्सा लेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विकसित भारत के लक्ष्य को गति देने के लिए राज्यों और केंद्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। मध्य प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

मीनाक्षी नटराजन मामले में सुप्रीम कोर्ट जाएगी कांग्रेस

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के मामले में कांग्रेस अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में है। पार्टी के वरिष्ठ नेता विवेक तंखा और अभिषेक मनु सिंघवी सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता कानूनी रणनीति तैयार कर रहे हैं। कांग्रेस आज या कल में याचिका दायर कर सकती है।

राष्ट्रपति से मिलने का भी प्रयास

कांग्रेस ने इस मामले में राष्ट्रपति से मुलाकात का समय भी मांगा है। पार्टी के नेता प्रतिपक्ष और विधायक प्रतिनिधिमंडल के रूप में दिल्ली पहुंचकर राष्ट्रपति के समक्ष अपना पक्ष रखेंगे। इसके लिए कांग्रेस ने अपने विधायकों को 12 जून को दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेशभर में 8 दिन तक आंदोलन

मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त होने के फैसले के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी अगले आठ दिनों तक ब्लॉक और जिला मुख्यालय स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस का कहना है कि वह इस मुद्दे को कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर उठाएगी तथा दिल्ली में भी बड़े प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!