न्यायधानी शर्मसार: नाबालिगों से दुष्कर्म के दो सनसनीखेज मामले, एक में शिक्षक तो दूसरे में किशोर आरोपी

तोरवा में नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, सिरगिट्टी में शिक्षक ने छात्रा को बनाया शिकार; दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई
एक मामले में किशोर पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दूसरे में शिक्षक की घिनौनी करतूत उजागर
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // न्यायधानी बिलासपुर में नाबालिगों से दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक मामले में नाबालिग लड़की के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है, जबकि दूसरे मामले में एक शिक्षक पर छात्रा से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
घुमाने के बहाने ले जाकर किया अनाचार
तोरवा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग बच्ची दो दिनों से लापता थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान बच्ची रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बदहाल हालत में मिली। पहचान होने के बाद जब परिजनों ने उससे बातचीत की, तब उसने बताया कि एक नाबालिग लड़का उसे घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। आरोप है कि बाद में सुनसान स्थान पर ले जाकर उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ अनाचार किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
पुस्तक दिलाने का झांसा देकर होटल ले गया शिक्षक
दूसरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि एक निजी स्कूल के शिक्षक ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार घटना पिछले वर्ष दिसंबर माह की है। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को पुस्तक दिलाने का बहाना बनाकर होटल ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। भय और सामाजिक संकोच के कारण छात्रा ने लंबे समय तक किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। बाद में उसने परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
दोनों मामलों की जांच जारी
पुलिस ने दोनों प्रकरणों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिरगिट्टी मामले में आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया गया है, जबकि तोरवा प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



