शपथ के बाद योगी ने शुभेंदु को पहनाया भगवा गमछा, मंच से दिया हिंदुत्व और भाजपा विचारधारा का बड़ा संदेश

कोलकाता के शपथ समारोह में दिखा भगवा रंग, पीएम मोदी समेत कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
कोलकाता ( शिखर दर्शन ) // पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने के बाद आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राजनीतिक संदेशों के साथ प्रतीकों की भी खास चर्चा रही। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर अपना भगवा गमछा पहनाकर सम्मानित किया। इस दृश्य को भाजपा की विचारधारा और हिंदुत्व की राजनीति के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
शपथ के बाद मंच पर दिखा खास पल
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी मंच पर मौजूद सभी नेताओं से मुलाकात कर रहे थे। इसी दौरान योगी आदित्यनाथ ने अपना भगवा गमछा उतारकर शुभेंदु अधिकारी के कंधे पर रख दिया। मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ इस पल का स्वागत किया।
पीएम मोदी का लिया आशीर्वाद
शपथ ग्रहण के बाद शुभेंदु अधिकारी ने नरेंद्र मोदी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद शुभेंदु ने समारोह में मौजूद सभी वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।
समारोह में जुटे भाजपा के दिग्गज नेता
शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी समारोह में शामिल हुईं।
भवानीपुर में ममता बनर्जी को दी थी मात
शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को हराकर बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की थी। इसके साथ ही उन्होंने नंदीग्राम सीट से भी जीत हासिल की। भाजपा ने चुनाव में भारी बहुमत हासिल करते हुए 208 सीटों पर जीत दर्ज की।
आध्यात्मिक छवि और संघर्ष से बना बड़ा चेहरा
पूर्व मेदिनीपुर के प्रभावशाली अधिकारी परिवार से आने वाले शुभेंदु अधिकारी लंबे समय से बंगाल की राजनीति का चर्चित चेहरा रहे हैं। नंदीग्राम आंदोलन से पहचान बनाने वाले शुभेंदु का झुकाव शुरू से आध्यात्मिकता की ओर माना जाता रहा है। भाजपा में शामिल होने के बाद वे पार्टी के सबसे बड़े बंगाली चेहरों में शामिल हो गए।



