राजनांदगांव में बनेगा अत्याधुनिक क्रिकेट अकादमी व खेल मैदान, CM साय के फैसले का स्वागत

5 एकड़ भूमि आबंटन से खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में राजनांदगांव जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आधुनिक खेल मैदान और अत्याधुनिक क्रिकेट अकादमी के निर्माण के लिए 5 एकड़ भूमि रियायती दर पर आबंटित करने के फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा के नाम दर्ज भूमि से 5 एकड़ जमीन उपलब्ध कराए जाने से जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा। इस पहल से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा और क्रिकेट के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इस बहुप्रतीक्षित मांग पर त्वरित निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से राजनांदगांव में अत्याधुनिक स्टेडियम का निर्माण संभव होगा, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं मिलेंगी और वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण यहां की प्रतिभाओं को अब एक बेहतर मंच मिलेगा, जिससे वे आगे बढ़कर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकेंगी।
इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक ललित चंद्राकर, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव योगेश बागड़ी सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।



