दिल्ली

LPG सिलेंडर 993 रुपये महंगा, मई के पहले दिन फूटा महंगाई बम

कमर्शियल गैस के दाम 3 हजार पार, घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // देशभर में मई महीने की शुरुआत महंगाई के झटके के साथ हुई है। एलपीजी कमर्शियल सिलेंडर (19 किलो) की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की गई है, जिससे यह सिलेंडर 993 रुपये तक महंगा हो गया है। नई दरें 1 मई 2026 से लागू हो गई हैं, जिसके बाद दिल्ली, मुंबई समेत कई शहरों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3 हजार रुपये के पार पहुंच गई है। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय पर पड़ेगा। खर्च बढ़ने के कारण चाय, नाश्ता और भोजन की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है, वहीं शादी-ब्याह के आयोजनों का खर्च भी बढ़ने की संभावना है।

यह इस साल तीसरी बार है जब कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में बदलाव किया गया है। इससे पहले 7 मार्च को 144 रुपये और 1 अप्रैल को 200 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि अब सीधे 993 रुपये का इजाफा किया गया है। बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 2078.50 रुपये से बढ़कर 3071.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में यह 2208 रुपये से बढ़कर 3202 रुपये, मुंबई में 2031 रुपये से बढ़कर 3024 रुपये और चेन्नई में 2246.50 रुपये से बढ़कर 3237 रुपये हो गई है।

राहत की बात यह है कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये, चेन्नई में 928.50 रुपये और कोलकाता में 939 रुपये बनी हुई है।

विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का भी इस बढ़ोतरी पर असर पड़ा है। पश्चिम एशिया में तनाव, विशेषकर ईरान से जुड़े घटनाक्रम और सप्लाई बाधित होने के कारण तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। भारत अपनी एलपीजी जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है, ऐसे में वैश्विक आपूर्ति में कमी का सीधा असर घरेलू कीमतों पर पड़ रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!