रायपुर में आज हज किट वितरण से लेकर ट्रेन और कार्यक्रमों तक हलचल

कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, समर स्पेशल ट्रेन और महंगाई का असर भी चर्चा में
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज हज यात्रियों को हज किट का वितरण करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह पहुंचेंगे, जहां राज्य स्तरीय हज किट वितरण एवं सम्मान समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 2 बजे वे सभागृह से रवाना होकर 2:10 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
जांजगीर-चांपा जिले के जैजैपुर में एक व्यवसायी के घर में घुसकर गोली मारने की घटना के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अब लोग अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं और अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं सरकार की विफलता को दर्शाती हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा सीएसएमटी-खड़गपुर समर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन 24 अप्रैल को सीएसएमटी से रवाना होकर 25 अप्रैल को गोंदिया, दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर होते हुए खड़गपुर पहुंचेगी, जिससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी।
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का असर अब छत्तीसगढ़ के निर्माण कार्यों पर भी पड़ने लगा है। डामर की कीमत 59 हजार से बढ़कर 98 हजार रुपए प्रति टन तक पहुंच गई है, जिसके चलते प्रदेश में करीब 25 हजार करोड़ रुपए के निर्माण कार्य प्रभावित हुए हैं। कई जगह काम धीमा हो गया है तो कहीं पूरी तरह बंद होने की स्थिति बन गई है।
राजधानी रायपुर में आज विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल भवन में शाम 5 बजे से जुंबा, मेडिटेशन और फिटनेस उत्सव आयोजित होगा, वहीं सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में दोपहर 3 से 4 बजे तक गौ सम्मान आह्वान अभियान पर संत समाज और समाजसेवियों की वार्ता आयोजित की जाएगी।



