महाराष्ट्र

बिंदी-हिजाब विवाद से भड़का आक्रोश: मुस्लिम बीजेपी नेत्री का लेंसकार्ट स्टोर पर धावा, स्टाफ को तिलक लगाकर लगाए जय श्रीराम के नारे

कंपनी की सफाई के बाद भी नहीं थमा बवाल, ‘स्टाइल गाइड’ जारी कर सभी धार्मिक प्रतीकों की अनुमति

वायरल गाइडलाइन से भड़का गुस्सा, कंपनी की सफाई के बाद भी नहीं थमा विवाद

मुंबई ( शिखर दर्शन ) // बिंदी-तिलक और हिजाब को लेकर सामने आए विवाद ने अब उग्र रूप ले लिया है। सोशल मीडिया पर कथित ‘ड्रेस गाइडलाइन’ वायरल होने के बाद मुंबई स्थित लेंसकार्ट स्टोर पर जमकर हंगामा हुआ। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की नेत्री नाजिया इलाही खान समर्थकों के साथ स्टोर में पहुंचीं और विरोध दर्ज कराते हुए कर्मचारियों को तिलक लगाया, साथ ही “जय श्रीराम” के नारे लगाए गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

बताया जा रहा है कि वायरल दस्तावेज में हिंदू कर्मचारियों को तिलक और बिंदी लगाने से रोकने, जबकि हिजाब की अनुमति देने की बात कही गई थी। इसी आरोप को लेकर प्रदर्शनकारियों ने स्टोर में घुसकर प्रबंधन से जवाब मांगा और कथित भेदभाव के खिलाफ नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद कुछ कर्मचारियों ने भी ट्रेनिंग के दौरान ऐसे निर्देश मिलने का दावा किया, जिससे विवाद और भड़क गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्टोर को तत्काल बंद करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। बाहर मीडिया से चर्चा में नाजिया इलाही खान ने कंपनी पर एक धर्म विशेष को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

मामला तूल पकड़ने के बाद कंपनी प्रबंधन को सफाई देनी पड़ी। कंपनी ने स्पष्ट किया कि वायरल दस्तावेज पुराना है और वर्तमान नीति का हिस्सा नहीं है। साथ ही नई ‘इन-स्टोर स्टाइल गाइड’ जारी कर बताया गया कि बिंदी, तिलक, हिजाब, पगड़ी जैसे सभी धार्मिक प्रतीकों की अनुमति है और कंपनी सभी धर्मों का सम्मान करती है।

हालांकि सफाई के बावजूद विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। यह मामला अब सामाजिक और राजनीतिक बहस का विषय बन चुका है, जिस पर देशभर में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!