बिजली विभाग का जुगाड़: ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने लगाए कूलर

भीषण गर्मी में ओवरहीटिंग का खतरा, बिजली आपूर्ति बनाए रखने की कवायद
बढ़ते तापमान और लोड से खतरा, बिजली विभाग ने शुरू किए एहतियाती उपाय
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी अब बिजली व्यवस्था पर भी भारी पड़ने लगी है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, वहीं मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में बिजली उपकरणों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए विभाग ने अनोखा कदम उठाया है।
सिविल लाइन स्थित बिजली विभाग कार्यालय में लगे ट्रांसफॉर्मर को ठंडा रखने के लिए कूलर लगाया गया है, ताकि अत्यधिक तापमान के कारण वह ओवरहीट न हो। यह व्यवस्था फिलहाल प्रयोग के तौर पर की गई है, लेकिन इसके सकारात्मक परिणाम मिलने पर अन्य स्थानों पर भी इसे लागू किया जा सकता है।
दरअसल, गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत तेजी से बढ़ रही है। इससे ट्रांसफॉर्मरों पर लोड बढ़ जाता है और वे अधिक गर्म होने लगते हैं। कई बार अत्यधिक गर्मी के कारण वोल्टेज लो हो जाता है, ट्रांसफॉर्मर ट्रिप कर जाते हैं या फटने जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ आग लगने का खतरा भी बढ़ जाता है।
- क्यों जरूरी पड़ा कदम: तापमान बढ़ने से ट्रांसफॉर्मर पर लोड और हीट दोनों बढ़े
- क्या किया गया: ट्रांसफॉर्मर को ठंडा रखने के लिए कूलर की व्यवस्था
- क्या होगा फायदा: ओवरहीटिंग से बचाव, ट्रिपिंग और फटने की घटनाओं में कमी
- आगे की तैयारी: जरूरत पड़ने पर अन्य जगहों पर भी इसी तरह के उपाय लागू किए जाएंगे
बिजली विभाग का यह प्रयास भीषण गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना को देखते हुए विभाग अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।



