रायपुर संभाग

महिला आरक्षण बिल पर सियासी संग्राम: BJP का प्रदर्शन, CM साय का बड़ा ऐलान—विशेष सत्र में लाएंगे निंदा प्रस्ताव

जनआक्रोश रैली में गूंजा विरोध, बोले—70 करोड़ महिलाओं के साथ हुआ विश्वासघात

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित नहीं होने को लेकर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा की अगुवाई में निकाली गई जनआक्रोश रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि विपक्ष के इस रुख के खिलाफ विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाया जाएगा, जिसमें निंदा प्रस्ताव पारित किया जाएगा।

बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू हुई महिला मोर्चा की जनआक्रोश यात्रा सुभाष स्टेडियम पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई, जहां बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हिस्सा लिया।

CM साय के बयान के प्रमुख बिंदु—

  • विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का ऐलान
  • विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी
  • महिला आरक्षण बिल नहीं पास होने पर जताई नाराजगी
  • “देश की 70 करोड़ महिलाओं के साथ हुआ धोखा”

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम किया गया है। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश में महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण देने के प्रयास को विफल कर दिया गया, जो देश की आधी आबादी के साथ अन्याय है।

इस जनआक्रोश रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, डिप्टी सीएम अरुण साव, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद रूपकुमारी चौधरी, कमलेश जांगड़े और लक्ष्मी वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!