रायपुर संभाग

करेंसी टावर में लिफ्ट में फंसी ACS, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

10 मिनट तक अंदर रहीं ऋचा शर्मा, इमरजेंसी सिस्टम की कमी उजागर

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर में सोमवार सुबह बड़ा लापरवाही का मामला सामने आया, जब छत्तीसगढ़ शासन की अतिरिक्त मुख्य सचिव ऋचा शर्मा लिफ्ट में फंस गईं। सुबह करीब 6:30 बजे हुई इस घटना में वे लगभग 10 मिनट तक लिफ्ट के अंदर बंद रहीं, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लिफ्ट के भीतर न पर्याप्त रोशनी थी और न ही हवा की उचित व्यवस्था, जिससे उन्हें घबराहट होने लगी। इमरजेंसी अलार्म और हेल्पलाइन जैसी जरूरी सुविधाओं का अभाव भी सामने आया, जिसके चलते मदद पहुंचने में देरी हुई।

इस दौरान सामने आई बड़ी लापरवाहियां—

  • लिफ्ट में इमरजेंसी अलार्म सिस्टम का अभाव
  • पर्याप्त लाइट और वेंटिलेशन की कमी
  • हेल्पलाइन या त्वरित सहायता की व्यवस्था नहीं
  • बड़े कॉम्प्लेक्स के बावजूद सीमित लिफ्ट व्यवस्था

सूत्रों के अनुसार ACS ने किसी तरह मोबाइल से अधिकारियों को सूचना दी और ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव से संपर्क कर पावर बैकअप व सोलर सिस्टम को लेकर सवाल उठाए। सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला गया। बाहर आने के बाद उनकी स्थिति असहज बताई गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। पहले भी कई बार लोग लिफ्ट में फंस चुके हैं—

  • कई मामलों में लोगों की तबीयत बिगड़ने की भी बात सामने आई
  • बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
  • सातवीं मंजिल पर संचालित जिम में रोज बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही

बताया जा रहा है कि करीब 850 दुकान और ऑफिस वाले इस कॉम्प्लेक्स में केवल 4 लिफ्ट हैं, जो जरूरत के हिसाब से काफी कम मानी जा रही हैं।

घटना के बाद अब नगर निगम, फायर सेफ्टी और संबंधित एजेंसियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। देखना होगा कि इस मामले में ठोस जांच और कार्रवाई होती है या नहीं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!