भीषण गर्मी के बीच बदलेगा मौसम, कुछ इलाकों में राहत के आसार

बारिश, अंधड़ और वज्रपात की संभावना, ग्रीष्म लहर में आंशिक कमी
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। तेज गर्मी से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में हल्की राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने के आसार नहीं हैं। हालांकि मध्य क्षेत्र में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति से आंशिक राहत मिल सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर चल सकती है, वहीं कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार वर्तमान में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनमें पूर्वी उत्तर प्रदेश से तटीय उड़ीसा तक विस्तारित उत्तर-दक्षिण द्रोणिका, मन्नार की खाड़ी से कर्नाटक तक फैली द्रोणिका, पूर्व-पश्चिम द्रोणिका और महाराष्ट्र-तेलंगाना क्षेत्र में बना प्रति चक्रवात शामिल हैं। इन प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा और अंधड़ की स्थिति बन सकती है। बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग में ग्रीष्म लहर से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि दक्षिणी क्षेत्र में वर्षा की गतिविधियां अधिक रह सकती हैं।
राजधानी रायपुर में सोमवार को ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है और रातें भी गर्म रह सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान लगभग 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



