मौत की रेस का खौफनाक वीडियो: ट्रक से टकराते ही थम गई 3 युवकों की सांसें

मऊगंज हादसे का लाइव मंजर वायरल, स्टंटबाजी और तेज रफ्तार बनी मौत की वजह
रीवा / मऊगंज ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के मऊगंज में 14 अप्रैल को हुए दर्दनाक सड़क हादसे का लाइव वीडियो सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत हो गई थी। अब वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे तेज रफ्तार और स्टंटबाजी ने चंद सेकंड में जिंदगी को मौत में बदल दिया।
वीडियो में नजर आता है कि पांच युवक दो बाइकों पर सवार होकर नेशनल हाईवे-135 पर रफ्तार की होड़ लगा रहे थे। एक-दूसरे को ओवरटेक करते हुए वे इस खतरनाक स्टंट को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड भी कर रहे थे।
हादसे का पूरा मंजर—
- दो बाइकों पर सवार पांच युवक कर रहे थे रेस
- एक-दूसरे को ओवरटेक कर बना रहे थे वीडियो
- सामने खड़े ट्रेलर को नहीं देख पाए
- तेज टक्कर के बाद मौके पर ही तीन की मौत
तेज रफ्तार के बीच अचानक सामने ईंटों से लदा ट्रेलर आ गया। स्पीड इतनी ज्यादा थी कि युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में उपलक्ष कोल, अमरीश कोल और हेमराज कोल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
वीडियो में पीछे चल रही बाइक पर सवार युवक पूरी घटना को रिकॉर्ड करते नजर आ रहे हैं, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। इस वीडियो ने न सिर्फ हादसे की भयावहता को उजागर किया है, बल्कि सड़क पर स्टंटबाजी के खतरनाक अंजाम को भी सामने रखा है।
यह घटना एक बड़ी चेतावनी है कि सड़क पर लापरवाही और रफ्तार का जुनून कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है। विशेषज्ञों और प्रशासन की ओर से लगातार अपील की जा रही है कि युवा ट्रैफिक नियमों का पालन करें और इस तरह की खतरनाक हरकतों से बचें।
मऊगंज में इस हादसे के बाद शोक का माहौल है और अब सामने आया यह वीडियो एक बार फिर लोगों के जख्मों को ताजा कर रहा है। यह साफ संदेश देता है कि सड़क पर स्टंटबाजी का अंजाम सिर्फ और सिर्फ मातम होता है।



