पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा शुरू: भोपाल-चंदेरी-ओरछा सेक्टर का शुभारंभ

सीएम मोहन यादव ने यात्रियों को दिए बोर्डिंग पास, 3,500 में ‘जॉय राइड’ की सुविधा
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए “पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा” की शुरुआत कर दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित स्टेट हैंगर से भोपाल-चंदेरी-ओरछा नए सेक्टर का शुभारंभ किया और इस दौरान यात्रियों को बोर्डिंग पास वितरित किए। यह सेवा सप्ताह में पांच दिन—बुधवार से रविवार तक संचालित होगी।
इस सेवा के तहत पर्यटकों को हवाई यात्रा के साथ कई विशेष सुविधाएं भी दी जाएंगी। किराया और पैकेज इस प्रकार निर्धारित किए गए हैं—
- भोपाल से चंदेरी का किराया: ₹5,500
- भोपाल से ओरछा का किराया: ₹6,500
- विशेष पैकेज (₹14,500): टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद सहित एंड-टू-एंड सुविधा
- चंदेरी और ओरछा में ‘जॉय राइड’: ₹3,500
पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस सेवा को पीपीपी मॉडल पर संचालित किया जा रहा है। यात्रा के लिए 6 सीटों वाले आधुनिक हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा रहा है, वहीं होटल, भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए गाइड की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
बुकिंग के लिए पर्यटक—
- www.flyola.in
- IRCTC पोर्टल
का उपयोग कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस सेवा को परशुराम जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों को हवाई सेवा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे समय की बचत होगी और पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने एयर एम्बुलेंस जैसी सुविधा शुरू की थी और अब हेली पर्यटन सेवा से प्रदेश की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।




