रायपुर संभाग

रायपुर समेत कई जिलों में अगले 2 दिन ग्रीष्म लहर का अलर्ट, राजनांदगांव में पारा 44 डिग्री

मौसम विभाग ने दी चेतावनी, फिलहाल गर्मी से राहत के आसार कम

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में गर्मी अब अपने चरम की ओर बढ़ती नजर आ रही है और प्रदेश के कई हिस्सों में लोगों को भीषण गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक राहत मिलने की संभावना बेहद कम है और बिलासपुर, रायपुर तथा दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी जारी की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी प्रदेश के एक-दो हिस्सों में लू जैसी स्थिति बन सकती है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, उत्तर बिहार से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जो झारखंड और अंदरूनी ओडिशा तक फैली हुई है। इसके साथ ही उत्तर तटीय ओडिशा के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि अंदरूनी महाराष्ट्र और तेलंगाना के ऊपर प्रति चक्रवात सक्रिय है। इन सभी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

राजधानी रायपुर में भी आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। वहीं बस्तर संभाग के दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, लेकिन इससे गर्मी से खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!