वेदांता हादसे पर सियासत तेज: भूपेश के आरोपों पर विजय शर्मा का पलटवार

डिप्टी सीएम बोले – ऑनलाइन उपलब्ध है एफआईआर, लिंक देखकर ले सकते हैं जानकारी
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। हादसे में कंपनी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत 19 लोगों पर एफआईआर दर्ज होने के बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर पलटवार किया है।
विजय शर्मा ने कहा कि एफआईआर दर्ज हो चुकी है और यह ऑनलाइन उपलब्ध है। यदि भूपेश बघेल को जानकारी चाहिए तो उन्हें लिंक देकर देखा जा सकता है। उन्होंने हादसे को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
दरअसल, भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया था कि सरकार एफआईआर को सार्वजनिक नहीं कर रही है। उन्होंने वेदांता कंपनी के पुराने हादसों का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर लीपापोती कर कंपनी प्रबंधन को बचाने का आरोप भी लगाया।
इस बीच विजय शर्मा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भी बयान देते हुए कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, उन्हें देश की मातृशक्ति को जवाब देना होगा और महिलाओं की भागीदारी से ही देश आगे बढ़ेगा।
वहीं बस्तर क्षेत्र को लेकर उन्होंने कहा कि अब वहां बदलाव साफ नजर आ रहा है और लोग खुलकर जीवन जी पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ‘वाइब्रेंट बस्तर विलेज’ योजना के माध्यम से विकास कार्य गांव-गांव तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है और बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है।
इसके साथ ही पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हालात पर टिप्पणी करते हुए विजय शर्मा ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में भाजपा सरकार बनाएगी और जनता पार्टी के साथ खड़ी दिखाई दे रही है।



