दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट और अकाशा विमानों की आपस मे हुई टक्कर

पुशबैक और टैक्सींग के दौरान हुआ हादसा, सभी यात्री सुरक्षित; दोनों विमान ग्राउंड
नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब स्पाइसजेट और अकासा एयर के दो विमान आपस में टकरा गए। घटना के दौरान दोनों विमानों के विंग आपस में टकराए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अकासा एयर की फ्लाइट हैदराबाद के लिए पुशबैक हो रही थी, जबकि स्पाइसजेट का विमान रनवे से टैक्सी करते हुए गेट की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान टर्मिनल-1 के पास दोनों विमानों के पंख आपस में टकरा गए।
टक्कर में स्पाइसजेट के बोइंग B737-700 विमान के दाहिने विंगलेट को नुकसान पहुंचा है, वहीं अकासा एयर के विमान के पिछले हिस्से, विशेषकर हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर में क्षति आई है। घटना के तुरंत बाद दोनों विमानों को एहतियातन ग्राउंड कर दिया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया। एयरलाइंस द्वारा यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई, ताकि उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।
एयरलाइंस के प्रवक्ताओं ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी और संबंधित एजेंसियां भी पूरे मामले की जांच में जुटी हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।




