राजधानी में व्यापारी की गोली मारकर हत्या से सनसनी

सीने के आर-पार हुई गोली, घर से 10 किलोमीटर दूर मिला शव
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // राजधानी भोपाल में एक किराना व्यापारी की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। मृतक का शव उसके घर से करीब 10 किलोमीटर दूर शमशाबाद रोड स्थित एक ढाबे के पास मिला, जहां प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना की आशंका जताई गई, लेकिन जांच में गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई।
घटना बुधवार की बताई जा रही है, जब 42 वर्षीय हनीफ खान, जो बैरसिया क्षेत्र के निवासी थे, किसी कार्य से शमशाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन पर नजदीक से गोली चला दी। गोली इतनी नजदीक से दागी गई कि वह सीने को चीरते हुए आर-पार हो गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शव के पास उनकी बाइक भी पाई गई, जिससे प्रारंभ में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए जांच प्रारंभ की। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने भी कुछ संदिग्ध बाइक सवारों को घटना स्थल से भागते हुए देखने की बात कही है।
परिजनों के अनुसार मृतक का किसी से कोई स्पष्ट विवाद या दुश्मनी सामने नहीं आई है, हालांकि पुलिस पुराने रंजिश या व्यक्तिगत संबंधों से जुड़े पहलुओं को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है। प्रारंभिक जांच में लूटपाट की आशंका से इंकार किया गया है, जबकि तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।



