रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में 20 अप्रैल से स्कूलों में छुट्टी, भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार का फैसला

तापमान 42 डिग्री पार, बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश पहले घोषित

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी शासकीय और निजी स्कूलों में 20 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं इसकी जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और आगामी दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री तक और वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में लू और गर्मी के दुष्प्रभाव से बच्चों को बचाने के लिए पूर्व निर्धारित तिथि से पहले ही अवकाश लागू करने का निर्णय लिया गया है। अब प्रदेश में 20 अप्रैल से 15 जून 2026 तक स्कूल बंद रहेंगे।

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त और निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। इससे पहले ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 मई से 15 जून तक निर्धारित था, जिसे संशोधित कर अग्रिम कर दिया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में शुष्क और गर्म मौसम बना रहेगा, जिससे गर्मी का प्रभाव और बढ़ सकता है। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से बच्चों को तेज धूप से बचाने, पर्याप्त पानी पीने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है, ताकि हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचा जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!