रायपुर संभाग

बीईओ कार्यालय का शिक्षकों ने किया घेराव, रिश्वत व अनियमितताओं के गंभीर आरोप

सात सूत्रीय मांगों को लेकर जमकर प्रदर्शन, निलंबन की उठी मांग

महासमुंद ( शिखर दर्शन ) // जिले में सर्व शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने विकास खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) की कार्यप्रणाली पर गंभीर अनियमितताओं, भ्रष्टाचार, पक्षपातपूर्ण रवैये और तानाशाही के आरोप लगाते हुए बीईओ कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों का आरोप है कि संतान पालन अवकाश में अवैध वसूली, विद्यालयों में स्टेशनरी सामग्री का वितरण न कर उसे अभिलेखों में दर्शाना, कार्यालय व्यय में गंभीर अनियमितताएं तथा फर्जी बिलों के माध्यम से राशि का आहरण किया जा रहा है। इसके साथ ही नियम विरुद्ध यात्रा भत्ता निकालने, अवकाश स्वीकृति में पक्षपात, जांच समिति की निष्क्रियता और शालाओं के युक्तियुक्तकरण में लापरवाही जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

इसी दौरान एक पीड़ित शिक्षिका ने आरोप लगाया कि संतान पालन अवकाश के नाम पर बीईओ द्वारा प्रत्येक माह 5 हजार रुपये की मांग की जाती रही है। इन आरोपों के बाद शिक्षक संघ ने बीईओ को तत्काल निलंबित करने की मांग करते हुए विधायक, जिला शिक्षा अधिकारी एवं कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा।

वहीं बीईओ ने लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि बिंदुवार जांच कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। पूरा मामला शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!