CBI Raid: बिल्डर-बैंक गठजोड़ पर बड़ा एक्शन, 8 राज्यों में 77 ठिकानों पर छापेमारी

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई, दस्तावेज और डिजिटल सबूत जब्त
नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // बिल्डर-बैंक गठजोड़ मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देशभर में छापेमारी की है। जांच एजेंसी ने 8 राज्यों के 77 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी, जिसमें दिल्ली, चेन्नई, पुडुचेरी और बेंगलुरु समेत कई शहर शामिल हैं।
सीबीआई की इस कार्रवाई के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की गई है। फिलहाल इन सभी सबूतों की गहन जांच की जा रही है।
दरअसल, 29 अप्रैल 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को NCR क्षेत्र में बिल्डरों, खासकर सुपरटेक लिमिटेड से जुड़े मामलों की जांच का निर्देश दिया था। आरोप है कि ‘सबवेंशन स्कीम’ के जरिए घर खरीदारों के साथ बड़े स्तर पर धोखाधड़ी की गई।
जांच एजेंसी का कहना है कि यह कार्रवाई रियल एस्टेट सेक्टर में वित्तीय अनियमितताओं, धन के गबन और संगठित धोखाधड़ी के नेटवर्क को उजागर करने के उद्देश्य से की गई है। इससे पहले भी सीबीआई इस मामले में 28 केस दर्ज कर चुकी है, जिनकी जांच अंतिम चरण में है। कुल मिलाकर अब तक 50 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
SI भर्ती घोटाले में भी छापा
भुवनेश्वर (शिखर दर्शन) // ओडिशा के SI भर्ती घोटाले में भी सीबीआई ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच एजेंसी ने टेक्नो स्कूल कैंपस में छापेमारी की, जहां परीक्षा केंद्र में गड़बड़ी के सबूत मिले हैं।
जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर 15 लाख रुपये लेकर परीक्षा केंद्र को ‘फिक्स’ किया गया था। कुछ अभ्यर्थियों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था कर उन्हें फायदा पहुंचाया गया। सीबीआई को इस मामले में ठोस साक्ष्य मिले हैं और आगे की जांच जारी है।



