आतंकी नेटवर्क तैयार करने की साजिश का ATS ने किया भंडाफोड़

टेलीग्राम ग्रुप के जरिए सैकड़ों युवाओं को जोड़ने की कोशिश, कनेक्शन दुबई से जुड़ा
नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // देश में एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। एटीएस की जांच में सामने आया है कि मेरठ का संदिग्ध आतंकी साकिब टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिए यूपी, दिल्ली, हरियाणा और मुंबई के युवाओं को जोड़कर देश विरोधी गतिविधियों के लिए तैयार कर रहा था।
जांच में खुलासा हुआ है कि साकिब ने एक दर्जन से ज्यादा टेलीग्राम ग्रुप बनाए थे, जिनमें कट्टरपंथी वीडियो और भड़काऊ पोस्ट शेयर किए जा रहे थे। एटीएस ने 2 अप्रैल को पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारे पर आतंकी वारदातों की साजिश रचने वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था।
कई राज्यों में फैला नेटवर्क
- यूपी, दिल्ली, हरियाणा और मुंबई के युवाओं को ग्रुप से जोड़ा गया
- सैकड़ों युवा इन टेलीग्राम ग्रुप्स में शामिल हो चुके थे
- नए सदस्यों को भड़काऊ वीडियो भेजकर उकसाया जाता था
आरोपी गिरफ्तार
- मेरठ का साकिब
- अरबाब
- गौतमबुद्ध नगर के लोकेश और विकास
सभी आरोपी फिलहाल एटीएस की रिमांड पर हैं और उनसे पूछताछ जारी है।
दुबई से जुड़ा कनेक्शन
सूत्रों के मुताबिक, दुबई में बैठे आकिब ने साकिब का संपर्क पाकिस्तानी हैंडलर्स से कराया था। इसके बाद साकिब ने अलग-अलग राज्यों में नेटवर्क फैलाने की जिम्मेदारी संभाली।
मोबाइल से मिले अहम सबूत
- पहलगाम आतंकी हमले और दिल्ली ब्लास्ट के वीडियो बरामद
- ग्रुप में दिल्ली जैसे ब्लास्ट की चर्चा
- फायरिंग प्रैक्टिस करने के सबूत भी मिले
हथियार खरीदने की तैयारी
जांच में यह भी सामने आया है कि साकिब पंजाब के असलहा तस्करों के संपर्क में था और उनके जरिए हथियार खरीदने की तैयारी कर रहा था।
एटीएस के अनुसार, साकिब जिस तरह खुद तैयार किया गया था, उसी तरीके से वह अन्य युवाओं को भी तैयार कर रहा था, ताकि कम समय में ज्यादा घटनाओं को अंजाम दिया जा सके। फिलहाल रिमांड के दौरान पूछताछ जारी है और कई अहम खुलासे होने की संभावना है।



