हमीदिया अस्पताल में फिर लापरवाही का आरोप: नवजात को मृत बताने के बाद दिखे धड़कन के संकेत

6 माह की गर्भवती की इमरजेंसी डिलीवरी के बाद हंगामा, परिजनों ने कार्रवाई की उठाई मांग
भोपाल // ( शिखर दर्शन ) // राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल में एक बार फिर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। 6 माह की गर्भवती महिला की इमरजेंसी डिलीवरी के बाद नवजात को मृत घोषित कर दिया गया, लेकिन बाद में उसमें धड़कन जैसे संकेत मिलने से परिजनों में आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, बीती रात अस्पताल में भर्ती महिला की समय से पहले डिलीवरी कराई गई। इसके बाद अस्पताल स्टाफ ने नवजात को मृत बताते हुए परिजनों को सूचना दे दी। परिजनों का आरोप है कि देर रात करीब 2 बजे तक हंगामा करने के बाद जब दोबारा जांच की गई, तो बच्चे में धड़कन जैसे संकेत मिले।
इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर विरोध किया और स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि समय रहते सही जांच की जाती तो स्थिति स्पष्ट हो सकती थी।
गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। दो दिन पहले भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिसमें एक नवजात को मृत घोषित कर डेथ सर्टिफिकेट तक जारी कर दिया गया था, लेकिन बाद में उसमें हरकत देखी गई थी। उस मामले में भी परिजनों ने वीडियो बनाकर अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि नवजात प्रीमैच्योर और कम वजन का था, जिससे उसकी स्थिति अत्यंत नाजुक थी। जांच के बाद उपचार जारी रखा गया।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



