दिल्ली

IMD अलर्ट: 9 राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का खतरा, पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम

बिजली गिरने से कई मौतें, 19 राज्यों में अगले 72 घंटे भारी, किसानों की बढ़ी चिंता

नई दिल्ली // ( शिखर दर्शन ) // देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से भारत के कई राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। इस मौसमी बदलाव ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं जनजीवन को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर प्रदेश और बिहार में आकाशीय बिजली गिरने से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विभाग ने स्थिति को गंभीर बताते हुए देश के 19 राज्यों में अगले 48 से 72 घंटों तक खराब मौसम बने रहने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तेज हवाएं, गरज-चमक, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस पूरे बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ है, जिसका असर हिमालयी क्षेत्रों से लेकर मैदानी और मध्य भारत तक देखा जा रहा है। इसके चलते पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

छत्तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों में दुर्ग में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जगदलपुर 16.4 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।

मध्य प्रदेश में पिछले 72 घंटों से साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिसके चलते 40 से ज्यादा जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश के 23 जिलों और बिहार के 25 जिलों में भी ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और सतर्कता बरतें। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक देश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!