रेपिस्ट ज्योतिषी अशोक खरात का काला साम्राज्य, नेताओं-संस्थाओं से जुड़े तार

पूर्व सीएम तक पहुंच, 200 करोड़ की संपत्ति, शिरडी कनेक्शन और ब्लैकमेलिंग के आरोपों से मचा हड़कंप
नासिक // ( शिखर दर्शन ) // महाराष्ट्र के चर्चित ज्योतिषी अशोक खरात उर्फ ‘कैप्टन खरात’ से जुड़े मामले में लगातार सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। बड़े नेताओं और सेलेब्रिटीज से करीबी संबंध रखने वाला यह आरोपी अब दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और अवैध संपत्ति के मामलों में घिर चुका है।
जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी की पहुंच राजनीति और प्रभावशाली वर्ग तक थी। पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उसकी मुलाकात और महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर से जुड़े वीडियो और तस्वीरें उसकी रसूखदारी को दर्शाते हैं।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी ने बीते 15 वर्षों में करीब 200 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की है। नासिक के पाथर्डी, सिन्नर, मिरगांव, ओझर और शिरडी सहित कई इलाकों में उसकी जमीन और प्रॉपर्टी पाई गई है। इनमें फार्महाउस, बंगले और व्यावसायिक कार्यालय शामिल हैं।
मामले में शिरडी से जुड़ा एक नया एंगल भी सामने आया है, जहां एक महिला ने आपत्तिजनक तस्वीर वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने का आरोप लगाया है। इस मामले में आरोपी के एक सहयोगी का नाम भी सामने आया है।
नासिक क्राइम ब्रांच की छापेमारी में आरोपी के ठिकानों से 58 आपत्तिजनक वीडियो भी जब्त किए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन वीडियो के जरिए लोगों को ब्लैकमेल किया जाता था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने अपने दफ्तर में गुप्त कैमरे लगा रखे थे और कथित तौर पर धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर महिलाओं को फंसाकर उनका शोषण करता था।
पूरा मामला तब सामने आया जब 35 वर्षीय महिला ने सरकारवाड़ा थाने में दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद जांच शुरू हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले समय में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
