महाराष्ट्र

BMC चुनाव रिजल्ट : शिंदे ने जताई शिवसेना की मेयर पद की दावेदारी, कहा—कार्यकर्ताओं की चाहत के अनुसार शिवसैनिक बने मेयर

मुंबई ( शिखर दर्शन ) // महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव के नतीजों के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे लगातार एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। सोमवार को उन्होंने BMC मेयर पद पर शिवसेना की दावेदारी के स्पष्ट संकेत दिए। शिंदे ने कहा कि 23 जनवरी से शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की जन्मशती वर्ष की शुरुआत हो रही है और शिवसैनिकों की इच्छा है कि इस ऐतिहासिक अवसर पर BMC में शिवसेना का मेयर हो।

हालांकि, शिंदे ने यह भी साफ किया कि शिवसेना कोई भी फैसला जनादेश के खिलाफ नहीं करेगी। उन्होंने याद दिलाया कि BMC चुनाव शिवसेना और बीजेपी ने मिलकर गठबंधन में लड़ा था। जिन नगर निगमों में दोनों दलों ने साथ चुनाव लड़ा है, वहां महायुति का ही मेयर बनेगा।

BMC में सीटों का गणित

महाराष्ट्र में BMC सहित 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी को हुए थे, जबकि 16 जनवरी को नतीजे घोषित किए गए। BMC की कुल 227 सीटों में भाजपा को 89 और शिंदे गुट की शिवसेना को 29 सीटें मिली हैं। मेयर पद के लिए बहुमत का आंकड़ा 114 है। इस लिहाज से भाजपा को शिंदे गुट के कम से कम 25 पार्षदों के समर्थन की जरूरत होगी।

नतीजों के बाद शिवसेना ने अपने 29 पार्षदों को मुंबई के बांद्रा स्थित होटल ताज लैंड्स एंड में ठहराया है। पार्टी का कहना है कि यहां पार्षदों के लिए ओरिएंटेशन वर्कशॉप आयोजित की जा रही है, ताकि उन्हें देश की सबसे समृद्ध नगर निकाय BMC के प्रशासनिक कामकाज की जानकारी दी जा सके।

22 जनवरी को मेयर पद की लॉटरी

29 नगर निगमों में मेयर पद के आरक्षण को लेकर 22 जनवरी को लॉटरी निकाली जाएगी। इससे यह तय होगा कि मेयर पद ओपन कैटेगरी, अनुसूचित जाति/जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग या महिलाओं के लिए आरक्षित रहेगा। कैटेगरी तय होते ही उसी दिन या अगले दिन अधिसूचना जारी की जाएगी।

अधिसूचना जारी होने के बाद सात दिन का नोटिस अनिवार्य होने के कारण मेयर चुनाव 29 या 30 जनवरी को होने की संभावना है। यदि अधिसूचना 23 जनवरी को जारी होती है तो मतदान 30 या 31 जनवरी को कराया जा सकता है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 24 जनवरी को स्विट्जरलैंड दौरे से लौटेंगे, जिसके बाद राजनीतिक तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!