9 सितंबर महाकाल भस्म आरती : बाबा महाकाल का दिव्य श्रृंगार, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में अश्विन माह कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि पर मंगलवार अलसुबह मंदिर के कपाट ब्रह्म मुहूर्त में खोले गए। सुबह 4 बजे भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन शुरू हुआ। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से भगवान का अभिषेक किया गया।
इस अवसर पर भगवान महाकाल का भव्य श्रृंगार किया गया। बाबा को भस्म चढ़ाई गई और शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों से बनी माला पहनाई गई। फल और मिष्ठान का भोग लगाकर भोलेनाथ का आकर्षक आभूषणों से अलंकृत श्रृंगार किया गया।
सुबह हुई भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। भक्तों ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कीं और बाबा महाकाल की जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। जय जय श्री महाकाल, हर हर महादेव, हर हर शंभू और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।



