Blog

शिबू सोरेन के निधन के बाद झारखंड के मंत्री रामदास सोरेन की हालत अत्यंत नाजुक, लाइफ सपोर्ट पर रखा गया

सिर में गंभीर चोट के बाद लाइफ सपोर्ट पर मंत्री, झारखंड में दुआओं का दौर जारी

रांची (शिखर दर्शन) // झारखंड के वरिष्ठ नेता और मंत्री रामदास सोरेन की हालत नाजुक बनी हुई है। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में लाइफ सपोर्ट पर रखा गया है। बताया गया कि जमशेदपुर स्थित अपने घर के बाथरूम में गिरने के कारण उन्हें गहरी चोट लगी थी। हालत बिगड़ने पर उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली लाया गया, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार उनकी निगरानी में इलाज कर रही है।

रामदास सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर राज्यभर में गहरी चिंता का माहौल है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता और आदिवासी समाज के प्रभावशाली प्रतिनिधि के रूप में वे जनता के बीच गहरी पैठ रखते हैं। उनके अस्वस्थ होने की खबर के बाद झारखंड के विभिन्न हिस्सों में उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। समर्थक, कार्यकर्ता और आमजन मंदिरों और गांवों में पूजा-पाठ और प्रार्थनाएं कर रहे हैं।

शनिवार, 2 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं अस्पताल पहुंचे और रामदास सोरेन का हालचाल लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश लिखा, “रामदास दा झारखंड आंदोलन के प्रमुख योद्धा रहे हैं। संघर्षों से भरे जीवन में उन्होंने हर चुनौती को मात दी है, और इस बार भी वे जरूर विजयी होकर लौटेंगे। भगवान मरांग बुरु उन्हें शक्ति और साहस दें।” वहीं, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी रविवार को अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जाना और इलाज की जानकारी साझा की।

गौरतलब है कि इससे पहले रविवार सुबह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के प्रणेता शिबू सोरेन का दिल्ली के श्री गंगा राम अस्पताल में निधन हो गया। ऐसे में राज्य की राजनीति और झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए यह वक्त अत्यंत पीड़ादायक बन गया है।

रामदास सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर अब भी उम्मीदें कायम हैं और पूरे झारखंड की निगाहें अपोलो अस्पताल से आने वाले हर अपडेट पर टिकी हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!