सीएम मोहन यादव के ससुर ब्रह्मानंद यादव का निधन, रीवा में आज होगा अंतिम संस्कारअयोध्या के मूल निवासी, रीवा में बिताए 45 वर्ष; सीएम विदेश दौरे पर, नहीं हो पाएंगे अंतिम यात्रा में शामिल
रीवा (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ससुर ब्रह्मानंद यादव का मंगलवार रात 98 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के अंबेडकर नगर स्थित अपने पैतृक गांव में बीते कुछ समय से रह रहे थे। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे स्व. यादव को उपचार के लिए सुल्तानपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से हाल ही में उन्हें घर लाया गया था। वहीं पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका पार्थिव शरीर रीवा लाया जा रहा है, जहां आज बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ब्रह्मानंद यादव का रीवा से गहरा नाता रहा है। वे करीब 45 वर्षों तक रीवा में रहे और यहीं से उन्होंने अपने सामाजिक और पारिवारिक जीवन को दिशा दी। उन्होंने रीवा को ही अपनी कर्मभूमि के रूप में चुना और यहीं अपने परिवार की नींव को मजबूती दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस समय अपनी धर्मपत्नी के साथ विदेश यात्रा पर हैं और स्पेन में ‘इन्वेस्ट इन एमपी’ बिजनेस फोरम में हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में उनके अंतिम संस्कार में शामिल हो पाने की संभावना कम है। उन्हें फोन पर यह दुखद समाचार दिया गया, जिसके बाद प्रशासन और परिवार में शोक की लहर फैल गई है।
स्व. ब्रह्मानंद यादव के निधन की सूचना मिलते ही भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी लगातार परिजनों से मिलकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। रीवा सहित पूरे प्रदेश में संवेदना का माहौल है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोकाकुल परिवार को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति दे।
