मध्यप्रदेश

स्पेन में ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश’ बिजनेस फोरम में भाग लेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल 17 जुलाई से करेंगे संभागीय दौरा

भोपाल (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 जुलाई तक स्पेन प्रवास पर रहेंगे, जहां वे मैड्रिड में आयोजित ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश’ अंतरराष्ट्रीय बिजनेस फोरम में भाग लेंगे। इस फोरम में पर्यटन, खेल और फिल्म सेक्टर में निवेश को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस रहेगा। मुख्यमंत्री वहां स्पेन के प्रमुख उद्योगपतियों और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। वे मध्यप्रदेश की पर्यटन, औद्योगिक नीति, आईटी और अधोसंरचना क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे।

मुख्यमंत्री आज मैड्रिड स्थित भारतीय राजदूत दिनेश के. पटनायक से शिष्टाचार भेंट के बाद फोरम के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों पर केंद्रित प्रेजेंटेशन और संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। यह विदेश दौरा राज्य में वैश्विक निवेश आकर्षित करने और मध्यप्रदेश को आर्थिक दृष्टि से समृद्ध बनाने की दिशा में एक अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है।

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष का संभागीय प्रवास, ग्वालियर से होगा आगाज
इधर, प्रदेश भाजपा संगठन को और सशक्त करने की दिशा में बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल 17 जुलाई से प्रदेशव्यापी प्रवास पर निकलेंगे। उनके दौरे की शुरुआत ग्वालियर संभाग से होगी, जहां वे पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक स्थिति का जायजा लेंगे।

खंडेलवाल 19 जुलाई को जबलपुर में संभागीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन विस्तार को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। पार्टी के इस दौरे का उद्देश्य प्रदेश में भाजपा की जमीनी पकड़ को और मजबूत करना है।

यह दौरा संगठन की सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के मनोबल को सुदृढ़ करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!