जैन समाज पर अभद्र टिप्पणी: वायरल ऑडियो के बाद थाने का घेराव, गिरफ्तारी की मांग
जबलपुर (शिखर दर्शन) //
मध्य प्रदेश के जबलपुर में जैन समाज पर की गई अभद्र टिप्पणियों के बाद एक वायरल ऑडियो ने बवाल मचा दिया। इस ऑडियो में जैन और मुस्लिम समाज को एक बताया गया और रावण को जैन समाज से जोड़ा गया, जिसके बाद समाज के लोगों ने कोतवाली थाने का घेराव कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वायरल ऑडियो भाजपा की मंडल अध्यक्ष जागृति शुक्ला और विधायक प्रतिनिधि शैलेंद्र सिंह का है। उनका कहना था कि यदि आम नागरिक इस तरह की भाषा का प्रयोग करता, तो उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाता, लेकिन नेताओं के मामले में इस तरह की ढील क्यों दी जा रही है।
थाने पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो यह आंदोलन और अधिक बढ़ सकता है। पुलिस अधिकारियों ने समाज के लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
जैन पंचायत सभा के अध्यक्ष कैलाश जैन ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी समाज के लिए अपमानजनक है, और आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द होनी चाहिए।
