शादी समारोह में बड़ा हादसा: डांस करते-करते युवती स्टेज पर गिरी, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

मौत के साये में खुशी: स्टेज पर डेढ़ मिनट तक डांस किया, फिर गिरी और नहीं उठी, शादी का माहौल गमगीन
विदिशा (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश के विदिशा में एक शादी समारोह के दौरान खुशी का माहौल अचानक गम में बदल गया। स्टेज पर डांस कर रही एक युवती अचानक गिर पड़ी और फिर नहीं उठ सकी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना विदिशा के मगधम रिसॉर्ट में हुई, जहां इंदौर की रहने वाली परिणीता जैन अपनी कजन सिस्टर की शादी में शामिल होने आई थीं। बताया जा रहा है कि परिणीता ने करीब डेढ़ मिनट तक स्टेज पर डांस किया, जिसके बाद वह अचानक गिर पड़ी। वहां मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, वह अचेत हो चुकी थीं।
परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत साइलेंट हार्ट अटैक से हुई होगी, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
इस दर्दनाक घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
