‘गवर्नेंस प्रचार और प्रपंच का मंच नहीं…’ दिल्ली में ऐतिहासिक जीत के बाद PM मोदी का बड़ा बयान, जानें उनके संबोधन की 10 प्रमुख बातें

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 27 साल बाद ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 48 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल किया। आम आदमी पार्टी (AAP) महज 22 सीटों पर सिमट गई, जबकि कांग्रेस पूरी तरह धराशायी हो गई। इस निर्णायक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और इस जनादेश को दिल्ली की जनता का बदलाव और विकास की ओर बढ़ा हुआ कदम बताया।
‘आप-दा’ से मुक्ति, नई दिल्ली का निर्माण
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि दिल्ली को एक दशक बाद ‘आप-दा’ से छुटकारा मिल गया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि गवर्नेंस सिर्फ प्रचार, नौटंकी और प्रपंच का मंच नहीं होता। उन्होंने वादा किया कि भाजपा दिल्ली को देश का सबसे बेहतरीन शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदान करेगी।

भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई का संकल्प
प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि दिल्ली विधानसभा के पहले ही सत्र में कैग रिपोर्ट को पेश किया जाएगा, जिसमें AAP सरकार की कथित वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। उन्होंने दोहराया कि जिन्होंने जनता की गाढ़ी कमाई को लूटा है, उन्हें इसे लौटाना होगा—यह भी ‘मोदी की गारंटी’ है।
दिल्ली के विकास में बड़ी बाधा हटी
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने पहली बार भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण शासन का अवसर दिया है। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि धरना-प्रदर्शन और टकराव की राजनीति ने दिल्ली के विकास में रुकावट पैदा की थी, जिसे अब खत्म कर दिया गया है। उन्होंने झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों के लिए आवास योजनाओं को प्राथमिकता देने की बात कही और कहा कि उनकी सरकार संतुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देगी, न कि तुष्टिकरण की।

यमुना की सफाई का संकल्प

पीएम मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान किए गए अपने वादे को दोहराते हुए कहा कि भाजपा सरकार यमुना को दिल्ली की पहचान बनाएगी और इसे स्वच्छ करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि यह एक लंबी यात्रा होगी, लेकिन दिल्ली को निर्मल यमुना देने का संकल्प दृढ़ है।

‘नारी शक्ति का आशीर्वाद, दिल्ली को आधुनिक बनाएंगे’
प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के समर्थन पर विशेष रूप से आभार जताया और कहा कि उनकी सरकार दिल्ली की सड़कों, सफाई व्यवस्था और पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए तेजी से काम करेगी। उन्होंने कहा कि पहली बार दिल्ली-एनसीआर में भाजपा सरकार है, जिससे समन्वित विकास संभव होगा।

भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन का वादा
पीएम मोदी ने कहा कि खुद को ईमानदारी का प्रमाणपत्र देने वाले भ्रष्टाचार में लिप्त पाए गए। उन्होंने अन्ना हजारे का जिक्र करते हुए कहा कि जिस पार्टी की नींव भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से पड़ी थी, वही भ्रष्टाचार में डूब गई। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि दिल्ली को पारदर्शी प्रशासन मिलेगा।
युवा शक्ति को राजनीति में भागीदारी का आह्वान
प्रधानमंत्री मोदी ने एक लाख युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी की अपील की और कहा कि भारत को 21वीं सदी में नए विचारों और ऊर्जा की जरूरत है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे ‘अर्बन नक्सलवाद’ की राजनीति कर रहे हैं, लेकिन जनता विकास के पक्ष में खड़ी है।
‘दिल्ली की असली मालिक जनता’
पीएम मोदी ने कहा कि यह चुनाव अहंकार और अराजकता की राजनीति की हार और जनसेवा की नीति की जीत है। दिल्ली की जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि असली शक्ति उनके हाथ में है और जनता को मालिक समझने वालों को अब हकीकत का सामना करना पड़ा है।
अगला लक्ष्य पश्चिम बंगाल ?
दिल्ली चुनाव में मिली इस जीत के बाद भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी संकेत दिए हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अब अगला बड़ा लक्ष्य पश्चिम बंगाल होगा, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार को भाजपा कड़ी चुनौती देने की तैयारी में है।
(शिखर दर्शन के लिए विशेष रिपोर्ट)
