रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़: नए साल की ठंड का असर जारी, बलरामपुर सबसे ठंडा, अगले 5 दिनों में मामूली तापमान वृद्धि संभव

रायपुर (शिखर दर्शन) // नए साल की शुरुआत में छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप तेज हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है। दिन और रात में लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ रही है।

तापमान का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के न्यूनतम तापमान में अगले पांच दिनों तक कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा। हालांकि, कुछ स्थानों पर 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्धि हो सकती है। बीजापुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक था। वहीं, बलरामपुर ने 5.2 डिग्री के साथ एक बार फिर सबसे ठंडे स्थान का रिकॉर्ड बनाया।

राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माना में यह 10 डिग्री तक पहुंचा, जबकि बलरामपुर में तापमान 5 डिग्री तक गिर गया।

पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के रूप में चक्रवाती परिसंचरण ईरान के मध्य भागों पर समुद्र तल से 3.1 और 5.8 किमी ऊपर स्थित है। इसके साथ ही, ऊपरी क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में गर्त बना हुआ है, जो समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर और अक्षांश 25°N के उत्तर में देशांतर 54°E के साथ चल रहा है।

राजधानी रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास रहेगा। मौसम विभाग ने दिनभर ठंडक बरकरार रहने का अनुमान जताया है।

छत्तीसगढ़ में इस ठंड के चलते लोगों को दिन और रात में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाव के लिए विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!